Bulandshahr
कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सेवा को निकली राष्ट्र चेतना मिशन की चिकित्सा टीम
बुलंदशहर
श्रावण मास के पावन अवसर पर कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों की सेवा हेतु राष्ट्र चेतना मिशन की चिकित्सा सेवा टीम शुक्रवार शाम बुलंदशहर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। संस्था के संरक्षक सीए मनीष मांगलिक ने राजे बाबू रोड स्थित कार्यालय से भगवा ध्वज दिखाकर 5 वाहनों में सवार 2 दर्जन कार्यकर्ताओं को रवाना किया।
मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने जानकारी दी कि संस्था पिछले 13 वर्षों से कांवड़ यात्रा मार्ग पर निःस्वार्थ सेवा कर रही है। इस बार भी बुलंदशहर से अलग-अलग दिशाओं में कुल 4 टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें हरिद्वार, रुड़की, मुजफ्फरनगर, खतौली, मेरठ, हापुड़ तथा बुलंदशहर जिले के प्रमुख स्थानों पर शिवभक्तों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराएंगी।
सेवा टीम में कार्यकर्ता कांवड़ियों के पैरों के छालों और चोटों की मरहम पट्टी, साथ ही कमर दर्द, सिरदर्द, पेट दर्द, बुखार, आंखों में जलन जैसी आम समस्याओं का प्राथमिक उपचार करते हैं। ये सभी सेवाएं यात्रियों की थकान और शारीरिक पीड़ा को कम करने के उद्देश्य से दी जाती हैं।
टीम में अध्यक्ष हेमन्त सिंह के साथ आचार्य कृष्ण मिश्रा, विकास सिंह, आशू पंडित, ललित चौहान, संकेत चौहान, शुभ शर्मा, पवन शर्मा, अरुण राजपूत, शुभित अग्रवाल, दीपक राजपूत, तुषार गुप्ता, राम अवतार लोधी, प्रयाग अग्निहोत्री, कार्तिक सागर समेत कई समर्पित सेवाभावी कार्यकर्ता शामिल हैं।
राष्ट्र चेतना मिशन की यह सेवा आगामी महाशिवरात्रि तक जारी रहेगी, जब तक कि कांवड़ यात्रा पूर्ण नहीं हो जाती। संस्था का उद्देश्य सेवा को धर्म मानते हुए थके-हारे शिवभक्तों को राहत पहुँचाना है।
Comments